नालंदा में जमीनी विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, वीडियो वायरल; तीन आरोपी गिरफ्तार
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग खुलेआम फायरिंग और रोड़ेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को रामपुर गांव निवासी जीतन यादव और उमेश यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि उमेश यादव ने पिस्तौल निकालकर करीब आठ राउंड फायरिंग कर दी। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से तीन खोखा बरामद किए, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई।
रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि पीड़ित जीतन यादव के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने काजीचक-रामपुर मोड़ के समीप एक खेत में छिपे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
