विशेष अभियान में रहुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 गिरफ्तार
कुर्की से संबंधित एक आरोपित समेत कांड का एक अभियुक्त गिरफ्तार,फरार आरोपितों में मचा हड़कंप
रहुई थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपितों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए 12 लोगों में नौ वारंटी, एक शराब के नशे में पकड़ा गया व्यक्ति, एक कुर्की से संबंधित आरोपित तथा एक कांड में शामिल अभियुक्त शामिल हैं। पुलिस ने सभी की गिरफ्तारी अलग-अलग स्थानों से की है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुलेमानपुर गांव निवासी शंकर राम एवं सौरभ कुमार, सोसदी गांव निवासी श्लोक पासवान, रघुनाथपुर गांव निवासी रिंकी देवी, उत्तरनावां गांव निवासी राम प्रवेश गोप एवं जितेंद्र साव, हुसैनपुर गांव निवासी उमेश बिंद, पेशौर गांव निवासी मल्लु राम, पांची टाड़ा गांव निवासी परशु राम एवं अनिल यादव, चिल्कीपुर गांव निवासी मंटू कुमार उर्फ टीटू कुमार तथा बलिया बीघा गांव निवासी रुदल चौधरी के रूप में हुई है।
अलग-अलग मामलों में वांछित थे आरोपित
थाना पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपित न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे। वहीं, एक व्यक्ति को शराब के नशे की स्थिति में पकड़ा गया, जबकि एक आरोपित के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई से संबंधित मामला था। एक अन्य आरोपित विभिन्न कांड में शामिल होने के कारण पुलिस की नजर में था।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग गांवों में दबिश दी, जिसके बाद सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
रहुई थाना पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी तथा विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित आरोपितों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे लोगों तथा विभिन्न मामलों में वांछित आरोपितों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार सभी आरोपितों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
