धान चोरी कांड का खुलासा: पिकअप वाहन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

0

रानी सिन्हा की रिपोर्ट

नूरसराय (नालंदा)। नूरसराय थाना पुलिस ने धान चोरी के मामले का आठ दिनों के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन बरामद किया है तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी की रात मुजफ्फरपुर गांव स्थित एसएच-78 किनारे मुजफ्फरपुर पंचायत पैक्स के गोदाम से धान की चोरी हुई थी। इस संबंध में पैक्स अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार निराला ने 27 जनवरी को अज्ञात चोरों के विरुद्ध नूरसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के दौरान बुधवार रात सतरह नंबर के समीप से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के ग्वाल बिगहा निवासी सुभाष प्रसाद उर्फ पुजारी के पुत्र सूरज कुमार उर्फ बुगल तथा संजय प्रसाद के पुत्र सनसन कुमार के रूप में हुई है। दोनों की निशानदेही पर पता चला कि चोरी किए गए 45 बोरा धान को एकंगरडीह स्थित ‘श्री कुबेर भंडार’ नामक गल्ला दुकान में बेच दिया गया था। दुकान मालिक श्रवण कुमार ने धान खरीदने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस चोरी की घटना में कुल तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *