नालंदा में चंदा विवाद में मृत युवक के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, ₹25 हजार की आर्थिक सहायता दी
बिहारशरीफ/नालंदा, संवाददाता। नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव में चंदा वसूली को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उनके साथ युवा नेता राजू दानवीर सहित कई समर्थक भी मौजूद रहे।
सांसद ने मृतक चिंटू यादव के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उपचाररत सचिन कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाएं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में धार्मिक उन्माद से अधिक जातीय तनाव का माहौल बनता जा रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सामाजिक सौहार्द पर इसका गहरा असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि चंदा वसूली जैसे मामूली विवाद में किसी युवक की जान चले जाना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि राज्य में अपराध, पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दे जनता के सामने हैं, लेकिन राजनीतिक दल इन मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर युवा नेता राजू दानवीर ने कहा कि नालंदा जिले में लगातार हो रही हत्या, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कानून का सख्ती से पालन कराने की मांग की, ताकि आम लोगों का न्याय व्यवस्था और प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
मौके पर मनीष यादव, दीपक कुमार, राजनीतिस कुमार, कौशल कुमार, अजीत कुमार, लोभी गोप, गुलशन कुमार, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं पप्पू यादव समर्थक उपस्थित थे।
