सांसद कौशलेंद्र कुमार ने एकंगरसराय एवं इस्लामपुर में जनकल्याण शिविर का किया निरीक्षण, लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र एवं सहायता राशि का वितरण

0
WhatsApp Image 2026-06-19 at 6.47.57 AM

नालंदा। आज दिनांक 18 जून 2026 को नालंदा के माननीय सांसद कौशलेंद्र कुमार ने प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर के तहत एकंगरसराय एवं इस्लामपुर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया तथा शिविर की गतिविधियों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री कुमार ने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों के बाद अब प्रखंड मुख्यालयों में आम लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की जनकल्याणकारी एवं सकारात्मक सोच का परिणाम है, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार के कारण विकास की किरण समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर ही किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है।

सांसद श्री कुमार ने शिविर में उपस्थित लोगों से संवाद कर योजनाओं एवं शिविर की उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो जा रहा है और उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और अपेक्षा के साथ उन्हें सांसद चुना है, उस भरोसे पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधि होने के नाते आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है और वे लगातार जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करते रहेंगे।

सांसद ने कहा कि बिहार के विकास की मजबूत नींव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी है और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनकल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों की विभिन्न शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान हो रहा है, जिससे आम जनता संतुष्ट दिखाई दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री कुमार ने एकंगरसराय प्रखंड के तीन सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवारों को सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

अंत में सांसद ने कहा कि यदि इसी प्रकार नियमित रूप से जनकल्याण शिविरों का आयोजन होता रहा तो आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *