गृह रक्षकों का भत्ता बढ़ाकर ₹1121 किया गया, स्कूलों के आसपास तैनात होंगी ‘पुलिस दीदी’: मुख्यमंत्री

0
WhatsApp Image 2026-06-19 at 6.55.05 AM

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि सशक्त गृह रक्षा वाहिनी सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बिहार की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में गृह रक्षा वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित गृह रक्षकों के पारण परेड समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा जवानों से सलामी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के “समृद्ध बिहार” के संकल्प को साकार करने में पुलिस बल एवं गृह रक्षा वाहिनी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 और विधानसभा चुनाव 2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन में होमगार्ड जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने होमगार्ड जवानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए 3 सितंबर 2025 से उनका दैनिक भत्ता ₹774 से बढ़ाकर ₹1121 कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से जवानों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

अपराध नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। राज्य में कानून का राज हर हाल में कायम रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

छात्राओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि विद्यालयों के आसपास “पुलिस दीदी” की तैनाती की जाएगी। इससे छात्राओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और उनकी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने नवनामांकित गृह रक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ राज्य एवं समाज की सेवा करने का आह्वान किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *