बिहारशरीफ में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर बैठक, चैंबर ने दिए कई अहम सुझाव

0
IMG-20261006-WA0008


बिहारशरीफ, 5 अक्टूबर 2026। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या, व्यवस्थित पार्किंग, ई-रिक्शा व टेंपो के लिए स्टैंड तथा वेंडिंग जोन के विकास को लेकर सोमवार को बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता नगर निगम की उपमहापौर आईशा शाहीन और नगर आयुक्त कृप्यानंद रंजन ने की।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अपर जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर निगम के पदाधिकारी, वार्ड पार्षद-सह-अध्यक्ष, नालंदा जिला टेंपो चालक संघ तथा नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में नालंदा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अनिल कुमार अकेला, प्रधान सचिव जवाहरलाल गांधी एवं दीपक कुमार ने शहर की लगातार बढ़ती यातायात समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में वाहनों, ई-रिक्शा और टेंपो की बढ़ती संख्या के साथ सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इससे आम लोगों के साथ व्यवसायियों, विद्यार्थियों, मरीजों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

1001811596

चैंबर की ओर से शहर के प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने, ई-रिक्शा और टेंपो के लिए निर्धारित स्टैंड एवं पार्किंग स्थल बनाने तथा वेंडिंग जोन को वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से विकसित करने का सुझाव दिया गया। चैंबर ने कहा कि इससे सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण कम करने के साथ छोटे दुकानदारों और फुटपाथी विक्रेताओं को भी सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था, नो-पार्किंग एवं पार्किंग जोन की स्पष्ट पहचान के लिए बोर्ड लगाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग रखी गई। प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित समय एवं स्थान तय करने का भी सुझाव दिया गया।
चैंबर प्रतिनिधियों ने टेंपो एवं ई-रिक्शा के रूट और स्टैंड को व्यवस्थित करने, प्रमुख चौक-चौराहों पर अवैध अतिक्रमण एवं सड़क पर सामान रखने की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा आवश्यकता के अनुसार वन-वे और ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने पर विचार करने की बात कही।
चैंबर अध्यक्ष अनिल कुमार अकेला ने कहा कि “बिहारशरीफ की यातायात समस्या का समाधान केवल चालान या तत्काल कार्रवाई से नहीं, बल्कि व्यवस्थित पार्किंग, वेंडिंग जोन, ई-रिक्शा एवं टेंपो स्टैंड तथा बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था से संभव है। व्यापारी वर्ग शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने को तैयार है।”

प्रधान सचिव जवाहरलाल गांधी एवं दीपक कुमार ने भी शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों की यातायात एवं पार्किंग समस्याओं से संबंधित व्यावहारिक सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और व्यवसायी संगठनों के संयुक्त प्रयास से बिहारशरीफ की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जा सकता है।

बैठक में नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस और व्यवसायी संगठनों के बीच निरंतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों ने प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आगे की कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

चैंबर ने उम्मीद जताई कि बैठक में दिए गए सुझावों को धरातल पर लागू किए जाने से बिहारशरीफ को अधिक व्यवस्थित, जाममुक्त और व्यवसायियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए सुगम शहर बनाने में मदद मिलेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *