सिलाव में मानव तस्करी का खुलासा : आर्केस्ट्रा में जबरन नृत्य करवाई जा रही 3 नाबालिग समेत 4 लड़कियां मुक्त, संचालिका सहित 4 गिरफ्तार

0
manavtaskar

बिहारशरीफ/सिलाव संवाददाता

नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र में मानव तस्करी और जबरन आर्केस्ट्रा में नृत्य करवाने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। सिलाव थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 स्थित एक किराये के मकान में संचालित दो आर्केस्ट्रा ग्रुपों में छापेमारी कर पुलिस ने 3 नाबालिग एवं 1 बालिग पीड़िता सहित कुल 4 लड़कियों को मुक्त कराया है। वहीं इस मामले में आर्केस्ट्रा संचालक एवं संचालिका समेत कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार पटना डॉ. अमित जैन के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक नालंदा के मार्गदर्शन में की गई। एएचटीयू टीम, सिलाव थाना, महिला थाना एवं एसोसिएशन फॉर वॉलेन्ट्री एक्शन के संयुक्त सहयोग से यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़कियों को मानव तस्करी के जरिए विभिन्न स्थानों से लाकर आर्केस्ट्रा ग्रुप में रखा गया था। उनसे प्रताड़ित कर जबरन नृत्य करवाया जाता था। सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने किराये के मकान में छापेमारी कर सभी पीड़िताओं को सुरक्षित मुक्त कराया।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों में भोजपुर जिले के बखोरापुर निवासी रौशनी कुमारी, मध्य प्रदेश के सिंहरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौवडीहा निवासी अनुप कुमार वंशल, नूरसराय थाना क्षेत्र के धरमपुर निवासी पवन कुमार तथा छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पतनाथु थाना क्षेत्र के कसारडीह निवासी धीरज प्रकाश शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस छापेमारी अभियान में एएचटीयू प्रभारी पुनि लालमणि दुबे, साइबर थाना के पुनि कुमार उपा सिन्हा, सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, महिला थाना थानाध्यक्ष पुनम कुमारी, सोहसराय थाना की ब्यूटी कुमारी सहित एसोसिएशन फॉर वॉलेन्ट्री एक्शन के राज्य समन्वयक संतोष दुबे, मुकुन्द चौधरी, अनुपम कुमारी, शिवशंकर ठाकुर, जिला समन्वयक मंटु कुमार तथा जिला बाल संरक्षण इकाई नालंदा के रंजन कुमार पाठक शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *