इंश्योरेंस कर्मी बनकर चेक में हेराफेरी कर ठगी करने वाला गिरफ्तार, 48 चेक बरामद

0
WhatsApp Image 2026-10-02 at 5.54.44 AM

बैंक उपभोक्ता की सतर्कता से खुला फर्जीवाड़े का राज, फर्जी आईकार्ड समेत कई सामान जब्त

चंडी, नालंदा। पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस का कर्मी बनकर लोगों से इंश्योरेंस रिन्यूवल के नाम पर चेक लेने और उसमें हेराफेरी कर ठगी करने वाले एक युवक को चंडी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र के अलीपुर अली रज्जा गांव निवासी रामसिंह यादव के पुत्र उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को पीएनबी मेटलाइफ का कर्मचारी बताकर लोगों के पास जाता था और इंश्योरेंस रिन्यूवल के नाम पर उनसे चेक लेता था। इसके बाद चेक में बदलाव कर रकम निकालने का प्रयास करता था।

मामले का खुलासा एक बैंक उपभोक्ता की सतर्कता से हुआ। चेक को लेकर संदेह होने पर उपभोक्ता फ्रॉड की आशंका में बैंक शाखा पहुंचा। जांच के दौरान फर्जीवाड़े का पता चला, जिसके बाद बैंक की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

48 चेक समेत कई सामान बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 48 चेक, चार आधार कार्ड, अलग-अलग नाम के सिम कार्ड, पीएनबी मेटलाइफ का फर्जी आईकार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उपभोक्ताओं से लिए गए चेक में हेराफेरी कर धोखाधड़ी करने की कोशिश करता था।

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना निशाना बनाया है और इस फर्जीवाड़े में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *