खेत में खाद डालने जा रहे किसान की करंट से मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

0
WhatsApp Image 2026-10-09 at 6.17.03 AM

जाना गांव के पास 11 हजार वोल्ट का तार गिरने से हादसा, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप; मुआवजे और जर्जर तार बदलने की मांग

नालंदा। सारे थाना क्षेत्र के जाना गांव के पास बुधवार की सुबह जमीन पर गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोडवापर गांव निवासी कपिल यादव के 38 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क पर करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र यादव बुधवार की सुबह करीब पांच बजे धान के खेत में खाद छिड़कने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में पहले से 11 हजार वोल्ट का बिजली तार जमीन पर गिरा हुआ था। इसी दौरान वह तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाद में खेत की ओर जा रही एक महिला ने जमीन पर शव पड़ा देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जमीन पर गिरे बिजली के तार के कारण किसान की जान चली गई। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों को बदलने की मांग की।

सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

इस संबंध में सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग से हादसे की जांच कराने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और जर्जर तारों को जल्द बदलने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *