कतरीसराय में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार; 10 मोबाइल और फर्जी सिम कार्ड बरामद

0
WhatsApp Image 2026-07-04 at 6.28.34 AM

बिहारशरीफ/कतरीसराय (नालंदा), संवाददाता। नालंदा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कतरीसराय थाना क्षेत्र में सक्रिय एक साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 10 स्मार्ट मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड तथा लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज तीन पेज की डेटा शीट बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने सोशल मीडिया, मोबाइल कॉल और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों को लोन दिलाने एवं लॉटरी का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक भरत सोनी के निर्देश पर राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कतरीसराय थाना क्षेत्र के बरीठ गांव स्थित मुंशी नदी के दक्षिण खंधा स्थित बगीचे में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि सभी आरोपित संगठित गिरोह बनाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले 10 स्मार्ट मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और तीन पेज की डेटा शीट बरामद की है। बरामद दस्तावेजों में कई लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर दर्ज हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बरीठ निवासी जितेंद्र कुमार (पिता–हीरा चौधरी), राहुल पासवान (पिता–हरिनंदन पासवान), बरांदी निवासी गौरी कुमार (पिता–सुरेश रविदास) तथा बालचंद बिगहा निवासी सचिन कुमार (पिता–संजय प्रसाद) के रूप में हुई है। इसके अलावा दो अन्य आरोपित विधि-विरुद्ध बालक हैं। सभी कतरीसराय थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

इस संबंध में कतरीसराय थाना में आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में गिरियक पुलिस निरीक्षक सुमंत कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, संजय दास, रूदल पासवान तथा कतरीसराय थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *