राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि एवं सदानंद सिंह की 82वीं जयंती पर कांग्रेसजन हुए भावुक, दी श्रद्धांजलि

0
IMG-20250522-WA0061

बिहार शरीफ (नालंदा) : जिला कांग्रेस कार्यालय, राजेंद्र आश्रम, बिहारशरीफ में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इसी अवसर पर बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सदानंद सिंह की 82वीं जयंती भी सादगी और श्रद्धा के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजगीर के पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजीव गांधी एवं सदानंद सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

1000669884

गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रवि ज्योति ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी न केवल कांग्रेस पार्टी के प्रतीक थे, बल्कि वे देश के दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता भी थे। भारत में संचार क्रांति और कंप्यूटर युग की शुरुआत उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है, जिसका लाभ आज हर भारतीय उठा रहा है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी एक दक्ष पायलट भी थे और प्रधानमंत्री रहते हुए भी कई बार विमान उड़ाकर लोगों को चौंका दिया था।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दिलीप कुमार ने कहा कि राजीव गांधी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनके युगदृष्टा सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में मोबाइल और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उन्हीं की दूरदर्शिता की देन हैं।

पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार मुन्ना ने भी राजीव गांधी के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सच्चे कांग्रेसी उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए संकल्पित हैं और नालंदा जिले में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

1000669849

इस अवसर पर सोशल मीडिया अध्यक्ष उदय शंकर कुशवाहा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कैप्टन शाहिद, अधिवक्ता सुनील कुमार, फवाद अंसारी, राजीव रंजन कुमार, संजय पासवान, राजेश्वर प्रसाद, राजेश कुमार, सुनील कुमार सिंह, महताब आलम गुड्डू, सुभाष यादव, अजीत कुमार, नंदू पासवान, रंजीत पांडेय, रमेश कुमार, विवेकानंद पासवान, दीपक कुमार सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी एवं सदानंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर भावभीनी स्मृतियों को साझा किया और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *