मुख्यमंत्री ने बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का किया शुभारंभ, 18 जुलाई से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह योजना बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देगी और राज्य के पर्यटन उद्योग के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत 13 जुलाई 2026 से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि 18 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार को हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
योजना के तहत पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए सब्सिडी युक्त हेली-टूरिज्म सेवा शुरू की गई है। इसके माध्यम से आम नागरिक भी किफायती दरों पर हवाई पर्यटन का आनंद ले सकेंगे। राज्य सरकार प्रत्येक टिकट पर अधिकतम ₹15,422 तक का अनुदान दे रही है, जिससे यात्रियों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा होम-स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प और ग्रामीण पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के माध्यम से निजी निवेश को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बिहारवासियों से अपील की कि वे स्वयं राज्य के ब्रांड एम्बेसडर बनें और बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक तथा प्राकृतिक धरोहरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर देश-दुनिया के अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार के गांव सड़क, बिजली, पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ चुके हैं और राज्य की ग्रामीण सड़कें विकास की नई पहचान बन गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना से बिहार पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
