नूरसराय में प्रशासन आपके द्वार: सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, डीएम-एसपी ने किया पौधारोपण, 113 आवेदनों का मौके पर निपटारा

0
WhatsApp Image 2026-07-07 at 8.03.14 PM

बिहारशरीफ (नालंदा)। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में नालंदा जिला प्रशासन की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को नूरसराय प्रखंड के पंचायत सरकार भवन बड़ारा एवं डोईया में “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त रूप से की।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन दिए और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कई मामलों का तत्काल निष्पादन करते हुए लाभुकों को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरित वातावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सबका सम्मान–जीवन आसान” का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी सहित अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर आयोजित इन शिविरों को ग्रामीणों का व्यापक सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी कारण पंचायतों एवं नगर निकायों में इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

शिविर में ग्रामीण विकास, राजस्व एवं भूमि सुधार, योजना एवं विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी), आईसीडीएस, आपूर्ति, समाज कल्याण, पंचायती राज, कृषि, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन ने सभी आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभुकों को आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *