भारी बारिश के बीच नालंदा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, हजरत गगनदुला शाह मजार पर की चादरपोशी, अमन-चैन की मांगी दुआ

0
WhatsApp Image 2026-07-07 at 9.56.36 PM

बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार मंगलबार को भारी बारिश के बीच अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद उनके आगमन को लेकर समर्थकों और जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बिहारशरीफ के गगन दीवान मोहल्ला स्थित हजरत मखदूम सैयद गगनदुला शाह रहमतुल्लाह अलैह के उर्स के अवसर पर उन्होंने मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की तथा बिहार और देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।

लगातार हो रही तेज बारिश के बीच पूर्व मुख्यमंत्री सुरक्षा घेरे में मजार परिसर पहुंचे। बारिश के कारण उनका कार्यक्रम संक्षिप्त रहा, लेकिन उन्होंने धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए मजार पर हाजिरी दी और लोगों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का बिहारशरीफ से विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि उर्स के मौके पर मजार पर पहुंचकर उन्होंने पूरे बिहार की शांति, तरक्की और सामाजिक सौहार्द की कामना की। उन्होंने इसे सभी धर्मों और समुदायों के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक बताया।

ई. सुनील कुमार ने कहा कि प्रतिकूल मौसम और मूसलाधार बारिश के बावजूद नीतीश कुमार का मजार तक पहुंचना उनकी जन-आस्था और धार्मिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए जनता दल (यू) का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम कर रहा है।

उर्स मेले के अवसर पर खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर लोगों में उत्साह का माहौल रहा। हालांकि लगातार बारिश के कारण उन्होंने कार्यक्रम में अधिक समय नहीं बिताया और चादरपोशी एवं दुआ के बाद वापस रवाना हो गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *