हैदराबाद में 20 लाख के जेवर चोरी, नालंदा से नौकर और स्वर्ण व्यवसायी गिरफ्तार
आठ महीने से बिहारशरीफ में पहचान छिपाकर रह रहा था मुख्य आरोपी, चोरी के जेवर खरीदने का आरोप
बिहारशरीफ (नालंदा)। हैदराबाद के एक कारोबारी के घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले में हैदराबाद पुलिस ने नालंदा में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का मुख्य आरोपी घरेलू नौकर और चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में बिहारशरीफ का एक स्वर्ण व्यवसायी शामिल है। कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान पटना जिले के सुबोध कुमार के रूप में हुई है, जबकि चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित आराध्य गोल्ड ज्वेलर्स के संचालक राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हैदराबाद पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है।
विश्वास जीतकर नौकर ने उड़ाए जेवर
हैदराबाद के लंगरहाउस थाना के थानाध्यक्ष सत्यनारायण के अनुसार, सुबोध कुमार इलाके के कारोबारी राघवेंद्र के घर पर घरेलू नौकर के रूप में काम करता था। कई महीनों तक घर में काम करने के दौरान उसने गृहस्वामी और उनके परिवार का विश्वास जीत लिया था।
एक दिन परिवार के सभी सदस्य बाजार गए हुए थे। इसी दौरान घर को सुनसान पाकर सुबोध ने अलमारी से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित कारोबारी ने लंगरहाउस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
आठ महीने से बिहारशरीफ में छिपा था आरोपी
वारदात के बाद सुबोध नालंदा पहुंच गया और करीब आठ महीने से अपनी पहचान छिपाकर बिहार थाना क्षेत्र के बाबा मणिराम अखाड़ा के पास एक घर में काम कर रहा था। तकनीकी अनुसंधान और मिले सुरागों के आधार पर हैदराबाद पुलिस नालंदा पहुंची और बिहार थाना पुलिस के सहयोग से सुबोध को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसने चोरी के सभी जेवर रामचंद्रपुर स्थित आराध्य गोल्ड ज्वेलर्स के संचालक राजेश कुमार को बेच दिए थे।
स्वर्ण व्यवसायी भी गिरफ्तार
सुबोध की निशानदेही पर हैदराबाद पुलिस ने लहेरी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित ज्वेलरी दुकान में छापेमारी कर संचालक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजेश ने भी चोरी के जेवर खरीदने की बात स्वीकार की है।
हालांकि, प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पास से चोरी किए गए जेवरात बरामद नहीं हो सके। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि हैदराबाद पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर हैदराबाद ले गई है। वहां पूछताछ के आधार पर चोरी के जेवरात बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
