नगरनौसा में गोदाम से 7.471 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद, तीन गिरफ्तार

0
IMG-20260908-WA0015

3.70 लाख रुपये नकद, दो बाइक और मारुति ऑल्टो जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

राकेश कुमार नालंदा : नगरनौसा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम में छापेमारी कर 7.471 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 3.70 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति ऑल्टो कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि नगरनौसा थाना क्षेत्र के बदल बिगहा गांव स्थित संजय श्रीवास्तव के गोदाम में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है और उसका कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हिलसा-01 के नेतृत्व में नगरनौसा थाना पुलिस की टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर विधिवत तलाशी और छापेमारी की।
तलाशी के दौरान गोदाम के पश्चिमी हिस्से में भूसा रखे बोरों के ढेर के पास लाल रंग के चोकर के बोरे में छिपाकर रखा 7.471 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। वहीं, गोदाम के पूर्वी हिस्से के एक कमरे से थैले में रखे 3,70,000 रुपये नकद बरामद किए गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संजय श्रीवास्तव और दीनानाथ प्रसाद के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। इसके अलावा गोदाम के बाहर मादक पदार्थ की बिक्री में इस्तेमाल किए जाने वाले दो मोटरसाइकिल—हीरो स्प्लेंडर प्लस और होंडा एसपी-125—को जब्त किया गया।
पुलिस ने दीनानाथ प्रसाद से पूछताछ के आधार पर मामले में शामिल बताए जा रहे सुबोध कुमार को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सुबोध कुमार की निशानदेही पर तस्करी में प्रयुक्त मारुति ऑल्टो कार (BR-1AG-6885) बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय श्रीवास्तव (42), दीनानाथ प्रसाद (30) और सुबोध कुमार (50) के रूप में हुई है। तीनों नगरनौसा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इस मामले में नगरनौसा थाना कांड संख्या 221/26, दिनांक 08 सितंबर 2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(B)/25/29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी टीम में नगरनौसा थानाध्यक्ष पुअनि शशिरंजन कुमार मिश्रा, पुअनि संदीप कुमार सिंह, पुअनि सुदेश्वर राय समेत थाना के पुलिसकर्मी और जवान शामिल रहे। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *