हरनौत में सफाईकर्मियों का आंदोलन उग्र, जेसीबी से कचरा उठाने पहुंचे नगर पंचायत कर्मियों का विरोध; लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतरे हड़ताली कर्मचारी

0
WhatsApp Image 2026-08-06 at 7.08.12 AM (1)

छह दिनों से ठप है सफाई व्यवस्था, बाजार में कचरे का अंबार और बदबू से लोग परेशान; मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी

हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अब उग्र रूप लेती जा रही है। बुधवार को नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन के माध्यम से बाजार में जमा कचरे का उठाव कराने की कोशिश की गई, लेकिन हड़ताली सफाईकर्मियों ने इसका जोरदार विरोध किया। सफाईकर्मी लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए और जेसीबी से कचरा उठाने का प्रयास रुकवा दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए बाजार क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।

नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले छह दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। सफाई नहीं होने के कारण हरनौत बाजार सहित कई इलाकों में कचरे का अंबार लग गया है। मुख्य सड़क के डिवाइडर, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण कचरा सड़ने लगा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह ने बताया कि हरनौत नगर पंचायत में कुल 122 सफाईकर्मी सफाई कार्य के लिए कार्यरत हैं। विभिन्न मांगों को लेकर सभी सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिसके कारण पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई और कचरा उठाव का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

WhatsApp Image 2026 08 06 at 7.08.12 AM

उन्होंने बताया कि आम लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने बुधवार सुबह करीब 8 बजे जेसीबी मशीन के माध्यम से हरनौत बाजार से कचरा हटाने की पहल की। लेकिन जैसे ही जेसीबी बाजार पहुंची, हड़ताली सफाईकर्मी हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए और कचरा उठाने का विरोध करने लगे। विरोध के कारण जेसीबी को बिना कचरा उठाए ही वापस लौटना पड़ा।

वहीं हड़ताली सफाईकर्मियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए कचरा उठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इधर, लगातार छह दिनों से सफाई व्यवस्था ठप रहने के कारण नगरवासियों की चिंता बढ़ गई है। बाजार में फैली गंदगी और दुर्गंध से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और हड़ताली सफाईकर्मियों से जल्द बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की है, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बहाल हो सके और लोगों को गंदगी तथा संभावित संक्रामक बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *