नालंदा में संगठित अपराध गिरोह का मास्टरमाइंड नीरज तीन साथियों के साथ गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-08-06 at 7.28.00 AM

नगरनौसा एसबीआई सीएसपी लूटकांड का खुलासा, एकंगरसराय ग्रामीण बैंक में डकैती की साजिश भी नाकाम; लैपटॉप, बाइक, मोबाइल व नकदी बरामद

बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा पुलिस ने नगरनौसा थाना क्षेत्र में हुए एसबीआई सीएसपी लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए संगठित अपराध गिरोह के मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी एकंगरसराय स्थित मध्य ग्रामीण बैंक में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते गिरफ्तारी होने से पुलिस ने एक और संभावित बड़ी घटना को टाल दिया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने एसटीएफ एवं जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए थरथरी निवासी नीरज कुमार (19), हिलसा निवासी अकलू कुमार (20), नूरसराय निवासी सूरज राज (18) तथा पटना जिले के फतुहा निवासी अनिकेत कुमार (20) को गिरफ्तार किया।

एसडीपीओ रंजन कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 1 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में चार हथियारबंद अपराधी घुस गए थे। बदमाशों ने संचालक संदीप पटेल को हथियार का भय दिखाकर काउंटर में रखी नकदी, मारफो कंपनी का फिंगरप्रिंट डिवाइस, एसबीआई की चेकबुक तथा एचपी कंपनी का लैपटॉप लूट लिया और पल्सर-220 मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। एसटीएफ और डीआईयू के सहयोग से पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया एचपी कंपनी का लैपटॉप, घटना में प्रयुक्त पल्सर-220 मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा लूटी गई राशि में से 3,200 रुपये बरामद किए गए हैं।

पूछताछ के दौरान पुलिस को एक और बड़े अपराध की साजिश की जानकारी मिली। जांच में आरोपी अकलू कुमार के मोबाइल से एक संदिग्ध वीडियो बरामद हुआ, जिसमें एकंगरसराय थाना क्षेत्र के रामभवन स्थित मध्य ग्रामीण बैंक की रेकी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ बैंक लूट की योजना बना रहा था तथा बैंक का वीडियो अपने साथी नीरज कुमार को भेजा था।

पुलिस के अनुसार, समय रहते कार्रवाई होने से एक और बड़ी आपराधिक घटना टल गई। पूरे मामले के सफल उद्भेदन में चंडी अंचल पुलिस, हिलसा थाना, नगरनौसा थाना, करायपरसुराय थाना, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) तथा एसटीएफ की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *