हिलसा बाईपास पर तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

0
WhatsApp Image 2026-08-06 at 7.29.44 AM

घटनास्थल पर ही तोड़ा दम, चालक वाहन छोड़कर फरार; पुलिस ने मैजिक जब्त कर जांच शुरू की

हिलसा (नालंदा)। हिलसा थाना क्षेत्र के पश्चिमी बाईपास पर बुधवार शाम तेज रफ्तार मैजिक वाहन और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिमी बाईपास पर तेज गति से आ रहा एक मैजिक वाहन सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसकी मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

हिलसा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने पश्चिमी बाईपास पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित वाहन जांच तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। उनका कहना है कि इस सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *