नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: STF और जिला पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, हथियार बनाने वाला गिरफ्तार
नालंदा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां STF और नालंदा जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार बनाने वाली मिनी गन फैक्ट्री का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया गया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए देशी कट्टा, हथियार बनाने के उपकरण और कई मशीनें बरामद की हैं।
पुलिस को 10 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सुहावनपुर सुढ़ी गांव में अवैध रूप से आग्नेयास्त्र तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर इस्लामपुर थाना, STF और DIU की संयुक्त टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान रमण विश्वकर्मा के मकान सह लोहे का गेट और खिड़की बनाने वाले कारखाने की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार बनाने का पूरा सेटअप बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तैयार देशी कट्टा, कट्टा बनाने में उपयोग होने वाले स्प्रिंग, हैमर, एल आकार का लोहे का पार्ट, तीन ड्रिल मशीन, दो ग्राइंडर मशीन, दो बेंच मशीन, एक आर्क वेल्डिंग मशीन, 20 किलोग्राम का फोर्जिंग वेट, भट्ठी में हवा देने वाली मशीन, बड़ा कटर, बड़ा ड्रिल मशीन, एक जनरेटर तथा एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान 46 वर्षीय रमण विश्वकर्मा, पिता स्वर्गीय अर्जुन विश्वकर्मा, निवासी सुढ़ी, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा के रूप में हुई है।
इस संबंध में इस्लामपुर थाना कांड संख्या 348/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कितने समय से अवैध हथियार बना रहा था, किन लोगों को हथियारों की आपूर्ति करता था और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई में इस्लामपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष राम कुमार पाल, पुलिस पदाधिकारी शफीउल्लाह अंसारी, अरुण कुमार राय, रामाश्रय कुमार सहित STF, DIU और इस्लामपुर थाना के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नालंदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
