शिक्षकों के सम्मान समारोह में डॉ. संजीव कुमार का बड़ा बयान- 30 साल की बदहाली का आगामी चुनाव में होगा हिसाब
सैकड़ों शिक्षकों का सम्मान, डॉ. संजीव कुमार ने कहा- शिक्षक राष्ट्र निर्माता, अपने अधिकारों के लिए हों एकजुट
बिहारशरीफ। सुमन सागर त्रैमासिक पत्रिका की ओर से रविवार को मंगलास्थान स्थित वेंकट हॉल में ‘शिक्षा साहित्य शिखर सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, कला एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कलाकारों को मुख्य अतिथि परबत्ता विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पत्रिका के संपादक संजीव कुमार एवं आलोक सौरभ कुमार के साथ मुख्य अतिथि डॉ. संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार ने उपस्थित गुरुजनों को नमन करते हुए शिक्षकों को राष्ट्र का निर्माता बताया। उन्होंने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि पिछले करीब 30 वर्षों में शिक्षकों की स्थिति, विशेषकर वित्तरहित शिक्षकों की बदहाली चिंता का विषय रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उनका आगामी चुनाव में शिक्षक स्वयं हिसाब लेंगे। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने हितों के लिए एकजुट होकर सशक्त प्रतिनिधि का चुनाव करें।
कार्यक्रम के दौरान आरजीएल उच्च विद्यालय, छबीलापुर, बिहारशरीफ की संगीत शिक्षिका राखी कुमारी ने खूबसूरत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि डॉ. संजीव कुमार का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
समारोह में प्रमुख रूप से डॉ. संजय कुमार (लखीसराय), डॉ. राजकुमार (आर. लाल कॉलेज, बरबीघा), राकेश बिहारी शर्मा, डॉ. कुंज बिहारी कुंजेश, उच्च विद्यालय नेरुत के प्रधानाध्यापक चंद्रमौली प्रसाद, संगीत शिक्षिका राखी कुमारी, पटेल उच्च विद्यालय के नरेंद्र कुमार, संदीप मेहता, सिंधु हाई स्कूल के प्राचार्य, उच्च विद्यालय आट के टुनटुन कुमार, उर्दू हाई स्कूल के अशोक कुमार, अजय कुमार, मोहम्मद शाहजहां, मोहम्मद आफताब आलम, सुजीत कुमार, राकेश कुमार, मनोज कुमार गुप्ता, दिवाकर कुमार, देखबहा के प्रभार केशरी कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
आवास पर भी हुआ जोरदार स्वागत
कार्यक्रम के बाद डॉ. संजीव कुमार का सर्वोदय नगर स्थित आवास पर शिक्षक-शिक्षिकाओं के बड़े समूह ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान स्मृति कुमारी, स्मिता कुमारी, सुरुचि कुमारी, सुधा कुमारी, सिंधु कुमारी, रेखा कुमारी, शिखा कुमारी, कल्पना, राखी कुमारी सहित अन्य शिक्षिकाओं ने बुके भेंट कर एवं चंदन-रोली का तिलक लगाकर उनका स्वागत किया।

इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने आगामी चुनाव में डॉ. संजीव कुमार के समर्थन का संकल्प लिया। शिक्षकों ने उन्हें शिक्षक हितैषी बताते हुए उनके विनम्र स्वभाव और शिष्ट व्यवहार की सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि डॉ. संजीव कुमार सम्मान, स्वाभिमान, अधिकार और शिक्षक की पुकार बनकर सामने आए हैं।
वहीं, डॉ. संजीव कुमार ने भी उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “अब वक्त है परिवर्तन का, अब वक्त है एकजुटता का।” उन्होंने शिक्षकों से अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे आने की अपील की।
