साइबर ठगी में इस्तेमाल सिम जारी करने वाला PoS एजेंट गिरफ्तार, नालंदा पुलिस ने मोबाइल दुकान में मारा छापा
खासगंज के टिंकू मोबाइल दुकान से दो मोबाइल, दो फिंगरप्रिंट मशीन और ग्राहकों के दस्तावेज बरामद
बिहार शरीफ। साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे सिम कार्ड जारी करने के आरोप में एक PoS एजेंट/सिम विक्रेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज स्थित टिंकू मोबाइल दुकान में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो PoS ID संचालित स्क्रीन टच मोबाइल, दो फिंगरप्रिंट मशीन तथा ग्राहकों के आधार विवरण और हस्ताक्षर/अंगूठे के निशान वाले दस्तावेज एवं फॉर्म बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू कुमार (45 वर्ष), पिता श्री कृष्णा प्रसाद, निवासी जलालपुर, थाना सोहसराय, जिला नालंदा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP) पर प्राप्त शिकायतों के तकनीकी विश्लेषण और सत्यापन के दौरान कुछ मोबाइल नंबरों का संबंध विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं से सामने आया। इसके बाद प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर नालंदा साइबर थाना पुलिस ने सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज स्थित टिंकू मोबाइल दुकान में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने ग्राहकों के आधार विवरण के साथ उनके हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान वाले दस्तावेज एवं फॉर्म बरामद किए। जांच के दौरान सिम कार्ड जारी करने वाले गुड्डू कुमार की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में नालंदा साइबर थाना में कांड संख्या 207/26, दिनांक 5 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने विधिवत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई में नालंदा साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, पु०अ०नि० शैलेश कुमार झा, पु०अ०नि० कुन्दन कुमार, सिपाही पुनेश कुमार, सिपाही ऋतु राज, सिपाही करण कुमार, सिपाही चंदन कुमार, गृह रक्षक करण कुमार एवं संदीप कुमार, सशस्त्र बल साइबर थाना तथा जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल रही।
साइबर ठगी से बचने की अपील
नालंदा पुलिस ने आम लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि फोन कॉल, व्हाट्सऐप कॉल, SMS या विज्ञापन के माध्यम से मिलने वाली किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, आधार विवरण या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
