मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवगछिया में राघोपुर तटबंध का किया निरीक्षण, बाढ़ तैयारियों की समीक्षा

0
WhatsApp Image 2026-09-07 at 6.35.29 AM

बेगूसराय में बेगूसराय, मुंगेर और खगड़िया के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक; 24 घंटे सामुदायिक रसोई चलाने का निर्देश

बेगूसराय/भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को भागलपुर के नवगछिया क्षेत्र में राघोपुर तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बेगूसराय स्थित आईओसीएल परिसर के दिनकर गेस्ट हाउस में बेगूसराय, मुंगेर एवं खगड़िया जिलों में बाढ़-2026 की तैयारियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्री एवं प्रभारी सचिवों को अपने-अपने जिलों में निरंतर कैंप कर बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी करें और आवश्यकता के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे सामुदायिक रसोई का संचालन करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में मोबाइल मेडिकल टीम, नाव और मोटरबोट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को आपदा सम्पूर्ति पोर्टल को लगातार अपडेट रखने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद लोगों तक समय पर हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने तटबंधों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कहीं कटाव या तटबंध को क्षति पहुंचने की स्थिति उत्पन्न हो तो तत्काल सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि किसी बड़ी समस्या को रोका जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी तेजी से काम करने का निर्देश दिया। इसके तहत रिंग बांध एवं नए स्ट्रेच के निर्माण की योजनाओं पर तेजी से कार्रवाई करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *