बिहारशरीफ में लोजपा (रामविलास) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक, संगठन विस्तार पर मंथन
बिहारशरीफ। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की ओर से सोमवार को बिहारशरीफ के बड़ी दरगाह स्थित एक होटल के सभागार में “रामविलास पासवान पैगाम-ए-इंसाफ” कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी राजनीतिक रणनीति, अल्पसंख्यक समाज के बीच जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सलीम साहिल ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सभी वर्गों के सम्मान, समान अधिकार और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी अल्पसंख्यक समाज के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान की सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति की विचारधारा को राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर अजहर, शहवाज, रिंकू खान, युनुस, राजू तथा बड़ी दरगाह वार्ड संख्या-45 के पार्षद प्रतिनिधि तसव्वर हसन उर्फ बम्मी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
