सामूहिक दुष्कर्म मामले का छह घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
एसआईटी के त्वरित एक्शन से चंडी पुलिस की बड़ी सफलता, पीड़िता के छीने गए दो मोबाइल भी बरामद
बिहारशरीफ/चंडी, संवाददाता। नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज छह घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 8 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि नगरनौसा थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ चंडी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबिगहा खंधा में कुछ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही डायल-112 एवं चंडी थाना की संध्या गश्ती टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता और सूचक से पूछताछ कर महिला का बयान दर्ज किया।
पीड़िता के बयान के आधार पर चंडी थाना कांड संख्या 426/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1), 303(2), 352 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने त्वरित अनुसंधान एवं छापेमारी करते हुए घटना में संलिप्त तीनों आरोपियों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबिगहा निवासी विकाश गोप (22 वर्ष), नितिश कुमार (26 वर्ष) तथा शैलेश कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़िता से छीने गए दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विकाश गोप के विरुद्ध वर्ष 2016 के हत्या मामले सहित अन्य आपराधिक मामले तथा नितिश कुमार के विरुद्ध भी पूर्व से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में चंडी अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा, पुलिस अवर निरीक्षक श्वेता कुमारी, प्रिंसदीप कुमार, ललन सिंह, आनंद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक छोटेलाल पासवान, डायल-112 के पीटीसी सत्यनारायण दास तथा चंडी थाना एवं डायल-112 के सशस्त्र बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
