जनता दरबार में डीएम ने सुनीं 37 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

0
WhatsApp Image 2026-07-02 at 7.42.51 AM

भूमि विवाद, बिजली बिल, नगर पंचायत भुगतान और कृषि फीडर समेत विभिन्न मामलों पर हुई सुनवाई

बिहारशरीफ, संवाददाता। नालंदा की जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने बुधवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 37 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में एक आवेदक ने भाइयों द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की। इस मामले में जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

एक अन्य आवेदक ने बिजली बिल का भुगतान करने के बावजूद एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान का निर्देश दिया गया।

नगर पंचायत चंडी क्षेत्र में पेंटिंग का कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जनता दरबार में कृषि फीडर के अंतर्गत बोरिंग तक बिजली के खंभों से तार नहीं पहुंचाए जाने, रैयती भूमि की अवैध कटाई, पानी के रिसाव तथा पुलिया का गलत स्थान पर निर्माण किए जाने से संबंधित शिकायतों की भी सुनवाई की गई। इन मामलों के निष्पादन के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इसके अलावा गलत तरीके से जमाबंदी कायम करने तथा बिना पर्याप्त साक्ष्य के बिजली चोरी का आरोप लगाने संबंधी शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *