नालंदा की सभी पंचायतों में धूमधाम से मनाया गया ‘पंचायत विकास दिवस’, महिला सशक्तिकरण पर रहा विशेष जोर

0
WhatsApp Image 2026-06-29 at 3.49.19 AM

बिहारशरीफ, संवाददाता। बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले ‘पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन रविवार को नालंदा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस माह की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” रही, जिसके तहत महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता पर विशेष चर्चा की गई।

जिले के हिलसा प्रखंड स्थित जूनियर पंचायत भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य विभाग के सचिव सह नालंदा के प्रभारी सचिव कुमार रवि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और राज्य सरकार का लक्ष्य उन्हें अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जनकल्याणकारी बनाना है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य पंचायत स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना, आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान जिले की सभी पंचायतों में मुखिया, वार्ड सदस्य, ग्रामसभा के सदस्य, युवाओं एवं जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी रही। गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए कार्ययोजना तैयार की गई।

‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ थीम के तहत महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने तथा जीविका दीदियों को स्वरोजगार, गौ-पालन एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रभारी एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। इस दौरान सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं, सोलर लाइट योजना एवं ‘विकसित भारत जी-राम-जी’ अभियान सहित अन्य योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य शासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नालंदा जिले की सभी पंचायतों में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ है तथा ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के अंत में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी (हिलसा), जिला पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *