मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया पर्यावरण और ईंधन बचत का संदेश, पैदल पहुंचें सचिवालय
पटना। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर एक अनूठी पहल करते हुए अपने सरकारी आवास 1 अणे मार्ग से पैदल चलकर मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचकर लोगों को बड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री के इस कदम की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में व्यापक चर्चा हो रही है।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में राज्यवासियों से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने की अपील की थी। अपनी इसी अपील को व्यवहार में उतारते हुए उन्होंने स्वयं बिना किसी सरकारी वाहन का उपयोग किए पैदल अपने कार्यालय पहुंचकर उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान सुरक्षा कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, पेट्रोल-डीजल की खपत और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए अब समाज को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन वाहन का उपयोग कम करें और जहां संभव हो पैदल चलने या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। उनका कहना था कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करते रहे हैं। प्रधानमंत्री की अपील से प्रेरित होकर राज्य सरकार भी इस दिशा में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दे रही है।
उन्होंने मंत्रियों, सरकारी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से भी अपील की कि वे जरूरत के अनुसार ही वाहनों का उपयोग करें और ईंधन की खपत में संयम बरतें। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी पहलें भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं।
मुख्यमंत्री के इस कदम को पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। आम लोगों के बीच भी मुख्यमंत्री की इस पहल को लेकर चर्चा बनी हुई है।
