एसडीओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण, कई कर्मी मिले गायब, दिए सख्त निर्देश
संवाददाता : रानी सिन्हा
नगरनौसा (नालंदा)। हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरनौसा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का गहन जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
एसडीओ ने निरीक्षण के क्रम में इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, लेबर रूम, प्रयोगशाला (लैब), शौचालय सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अस्पताल में मौजूद सुविधाओं में सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति की भी जांच की गई, जिसमें कुछ कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस पर एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए सभी कर्मियों को अपने-अपने ड्यूटी समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मरीजों की सुविधा, अस्पताल की स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण के उपरांत एसडीओ अमित कुमार पटेल ने कैला पैक्स जनवितरण प्रणाली का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश कुमार एवं अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
