अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार को मिला डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान 2025

0
IMG-20251226-WA0097

भारतीय कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट, उल्लेखनीय एवं अमूल्य योगदान के लिए देश-विदेश में ख्यातिप्राप्त अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार को वर्ष 2025 का डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान ग्लोबल आईकॉन ऑफ इंडिया ई-मैगजीन की ओर से प्रमाण पत्र संख्या GII/DRBARS/2025/92 के अंतर्गत दिया गया।

ग्लोबल आईकॉन ऑफ इंडिया द्वारा ई-मेल के माध्यम से मधुरेंद्र कुमार को सम्मान की औपचारिक सूचना एवं बधाई संदेश प्रेषित किया गया। साथ ही डाक द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र, सम्मान मेडल एवं स्मृति चिन्ह भेजकर वर्ष 2025 के डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान से विधिवत सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार अपनी विशिष्ट एवं सृजनात्मक रेत कला के माध्यम से वर्षों से भारतीय कला, संस्कृति और सामाजिक चेतना को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक संदेशों तथा महान विभूतियों को समर्पित हजारों रेत कलाकृतियों का निर्माण कर देश-विदेश में भारत की सांस्कृतिक छवि को सशक्त किया है।

हाल ही में 21 दिसंबर को नालंदा जिले में आयोजित तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव के समापन अवसर पर अपनी विशेष रेत कलाकृति के लिए अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार को बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार द्वारा मुख्य मंच से सम्मानित किया गया था। इस दौरान अतिथियों ने उनकी कला की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी थी।

डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होना मधुरेंद्र कुमार के निरंतर परिश्रम, रचनात्मक साधना और कला के प्रति समर्पण का सशक्त प्रमाण है। इस उपलब्धि पर कला जगत, सामाजिक संगठनों एवं उनके प्रशंसकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे बिहार सहित पूरे देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!