चक्रवाती तूफान के प्रभाव से नालंदा सहित बिहार में बदलेगा मौसम, 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बारिश और तेज आंधी की आशंका
मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा, आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की सतर्कता की अपील
नालंदा। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवाती तूफान के प्रभाव से नालंदा सहित पूरे बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र और आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच नालंदा और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें। ऊंचे पेड़ों, जलाशयों और बिजली के खंभों से दूर रहें। ऐसी स्थिति में किसी सुरक्षित पक्के भवन के अंदर शरण लें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से भी बचें।
आपात स्थिति में यहां करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, नालंदा के मोबाइल नंबर 8789858336 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम संबंधी सूचनाओं पर नजर रखें, सावधानी बरतें और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!
