आठ साल बाद ओडिशा में लौटेगा अंतरराष्ट्रीय रग्बी, भुवनेश्वर में 14-15 नवंबर को होगी एशिया अंडर-20 चैंपियनशिप

0
WhatsApp Image 2026-11-06 at 11.44.58 PM (1)

राजगीर में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम फिर दिखाएगी दमखम, पुरुष एवं महिला टीमों की घोषणा; 10 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

भुवनेश्वर, 6 नवंबर। ओडिशा में आठ साल बाद अंतरराष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता की वापसी होने जा रही है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 14 और 15 नवंबर को एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवेंस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में एशिया के 10 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसको लेकर शुक्रवार को खेल एवं युवा सेवा विभाग, ओडिशा सरकार, रग्बी इंडिया और ओडिशा रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से संयुक्त रूप से चैंपियनशिप के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया गया। इसी अवसर पर भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों की भी घोषणा की गई।

ओडिशा में इससे पहले वर्ष 2018 में एशिया रग्बी अंडर-18 गर्ल्स सेवेंस चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। आठ साल बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की वापसी को राज्य में रग्बी खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की सात टीमें हिस्सा लेंगी।

चैंपियनशिप का आधिकारिक लोगो ओडिशा की पारंपरिक झोटी चिता कला से प्रेरित है। इसमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत को खेल की आधुनिक पहचान के साथ जोड़ा गया है। लोगो में अर्धवृत्ताकार आकृति के बीच रग्बी बॉल को दर्शाया गया है, जो इस खेल की गति, ऊर्जा और रोमांच का प्रतीक है।

प्रतियोगिता में भारतीय अंडर-20 महिला टीम पर विशेष नजर रहेगी। इस टीम ने वर्ष 2025 में बिहार के राजगीर में आयोजित पिछली प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया था। इस बार टीम अपने पिछले प्रदर्शन को बेहतर बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं भारतीय पुरुष टीम भी घरेलू मैदान पर एशिया की मजबूत टीमों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार है।

ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया (आईएएस) ने कहा कि ओडिशा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल पहलों के माध्यम से रग्बी के विकास को लगातार बढ़ावा दे रहा है। एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेंस चैंपियनशिप से अंतरराष्ट्रीय रग्बी की राज्य में वापसी हो रही है। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने भुवनेश्वर में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों का स्वागत किया।

भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन (आईआरएफयू) के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि आठ साल बाद ओडिशा में अंतरराष्ट्रीय रग्बी की वापसी भारतीय रग्बी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। भुवनेश्वर खेल के विकास में अहम भूमिका निभाता रहा है। इस प्रतियोगिता से भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को अपने घरेलू मैदान पर एशिया की बेहतरीन उभरती टीमों के साथ मुकाबला करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए ओडिशा सरकार और खेल एवं युवा सेवा विभाग का आभार जताया।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में कलिंगा स्टेडियम में तीन राष्ट्रीय स्तर की रग्बी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें सब-जूनियर नेशनल रग्बी सेवेंस चैंपियनशिप, अस्मिता रग्बी लीग-नेशनल और नेशनल रग्बी 15s चैंपियनशिप-डिवीजन-1 शामिल हैं। अब अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के आयोजन से कलिंगा स्टेडियम के खेल कैलेंडर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है।

भारतीय अंडर-20 पुरुष टीम में ये खिलाड़ी शामिल

भारतीय पुरुष टीम की कमान पुष्पेंद्र को सौंपी गई है, जबकि राजन रावत उपकप्तान होंगे। टीम में अजीत नाग, अमन, अरुण प्रजापत, भारत किसान, विद्याधर माझी, चरण हेम्ब्रम, नमन यादव, राहुल माझी, रोहित कुमार और सुभाष हांसदा को शामिल किया गया है।

महिला टीम की कप्तान होंगी तनुश्री भोसले

भारतीय महिला टीम की कप्तानी तनुश्री भोसले करेंगी, जबकि मामाली सिंह उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। टीम में अक्षया एनएस, अनीता मुर्मू, अनुष्का सांकपाल, दीपाली ताथे, खुशी देवी, कीर्ति जाधव, अदिति सखाराम लोंढे, सलोनी कुमारी, समृद्धि कदम और सुमित्रा मुर्मू को जगह मिली है।

10 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा हांगकांग चाइना, श्रीलंका, मलेशिया, उज्बेकिस्तान, थाईलैंड, सिंगापुर, चीनी ताइपे, नेपाल और जॉर्डन की टीमें भाग लेंगी। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 टीमें और महिला वर्ग की सात टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से भारतीय युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, राजगीर में कांस्य पदक जीत चुकी भारतीय महिला टीम से एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *