नालंदा में दोहरी त्रासदी: मां की मौत के 6 घंटे बाद बेटे की करंट से मौत, गांव में मातम का माहौल

0
currentnews

एकंगरसराय (नालंदा) : नालंदा जिले के एकंगसराय थाना क्षेत्र स्थित सैदपुर गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल पर मां-बेटे दोनों की मौत हो गई। शनिवार रात जहां 80 वर्षीय मुन्नी देवी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, वहीं रविवार सुबह उनके बेटे जन्मजेय कुमार (42) की करंट लगने से जान चली गई।

परिवार के लोग मां के अंतिम संस्कार की तैयारी में लगे थे कि तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सुबह जन्मजेय शौच के लिए तालाब की ओर गए थे, इसी दौरान वे बोरिंग के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मां-बेटे की मौत से गांव में छाया मातम

इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जन्मजेय चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे और हलवाई का काम करते थे।

पुलिस कर रही जांच

एकंगसराय थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि यह हादसा करंट लगने से हुआ है। परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *