बिहारशरीफ के खाटू श्याम मंदिर में 28 अक्टूबर को होगा भंडारा, श्रद्धालुओं को मिलेगा महाप्रसाद

0
IMG-20261025-WA0019

विकासनगर में 160 फिट में बन रहा भव्य मंदिर, गरीबों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की भी योजना

बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहारशरीफ के विकास नगर, वार्ड संख्या 23 स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें नवगठित खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम, निर्माणाधीन भव्य मंदिर की रूपरेखा, दान की पारदर्शी व्यवस्था और भविष्य में शुरू की जाने वाली सामाजिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी।

ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 28 अक्टूबर, बुधवार को बाबा श्याम के जन्मोत्सव के अवसर पर शाम पांच बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए खीर, पूरी और सब्जी के महाप्रसाद की व्यवस्था की जा रही है।

दान की राशि के लिए पारदर्शी व्यवस्था

ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि नवगठित ट्रस्ट को पारदर्शी व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान ट्रस्ट का गठन मंदिर से जुड़ी पूर्व की कथित अनियमितताओं को समाप्त करने और व्यवस्था को नए सिरे से संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि नए ट्रस्ट का पूर्व के विवादों से कोई संबंध नहीं है।

दान और सहयोग राशि में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में अधिकृत बैंक खाता संख्या 409502010030750 और क्यूआर कोड सार्वजनिक किया गया है। ट्रस्ट के अनुसार, श्रद्धालु अपनी सहयोग राशि सीधे मंदिर के बैंक खाते में जमा कर सकेंगे। नकद सहयोग केवल अधिकृत रसीद के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।

160 फीट ऊंचा होगा भव्य मंदिर

मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी देते हुए अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि 25 सितंबर 2026 को अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर मंदिर की नींव रखी गई थी। कुल 1852 वर्गफीट के भूखंड पर मंदिर निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 फीट गहराई तक 84 से 85 पिलरों की पाइलिंग और प्लिंथ का कार्य पूरा कर लिया गया है।

प्रस्तावित मंदिर की ऊंचाई लगभग 160 फीट होगी। ट्रस्ट ने अगले एक से डेढ़ वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मंदिर के प्रथम तल पर बाबा श्याम का गर्भगृह बनाया जाएगा, जबकि भूतल पर विशाल सत्संग भवन का निर्माण होगा।

निर्माण योजना के तहत 20 फीट चौड़ी सीढ़ी, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्नानागार एवं शौचालय, कार्यालय कक्ष और भंडारगृह की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला और अतिथि गृह भी बनाया जाएगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी होगी सेवा

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर को केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे सामाजिक सेवा का केंद्र बनाने की योजना है। भविष्य में मंदिर कोष से निर्धन और मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने, प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन फॉर्म भरने में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना जाने वाले विद्यार्थियों को आपात स्थिति में ठहरने की सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था भी शुरू करने की योजना है। ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को भी बढ़ावा देना है।

नवगठित कार्यकारिणी समिति की घोषणा

प्रेस वार्ता के दौरान खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी समिति की भी घोषणा की गई। इसमें अरविंद कुमार सिंह को अध्यक्ष, दिलीप कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, बब्लू सिंह और धनंजय सिंह को उपाध्यक्ष तथा रंजित कुमार को सचिव बनाया गया है।

वहीं, कृष्ण नंदन जी, आनंद कुमार सिन्हा और रंजित राज को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। निवास राज को उपकोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अमरजीत कुमार और कुंदन कुमार को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण और धार्मिक आयोजनों में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *