आशानगर सूर्य मंदिर घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों ने किया श्रमदान
बिहारशरीफ, 4 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत चल रहे ‘30 दिन, 100 कार्यक्रम–सेवा संकल्प’ के अंतर्गत रविवार को बिहारशरीफ नगर निगम की ओर से आशानगर सूर्य मंदिर घाट पर विशेष जन-सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों, वार्ड पार्षदों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम में नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, बिहारशरीफ के विधायक डॉ. सुनील कुमार, बिहारशरीफ की उपमहापौर आईशा शाहीन और नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित सशक्त स्थायी समिति के सदस्य धनंजय कुमार उर्फ पप्पू यादव, संजय कुमार आजाद एवं विनोद रविदास ने श्रमदान किया।

इसके अलावा कुन्दन कुमार, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी, वार्ड पार्षदगण, स्वास्थ्य निरीक्षक परमानन्द प्रसाद, सफाई पर्यवेक्षक एवं नगर निगम के स्वच्छता कर्मी भी अभियान में शामिल हुए।
विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य शहर के जल निकायों एवं घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना रहा। अभियान के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं नगर आयुक्त ने शहरवासियों से नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्वच्छ और स्वस्थ बिहारशरीफ के निर्माण में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
