दुर्गापूजा को लेकर वेना थाना में शांति समिति की बैठक
सरकारी गाइडलाइन का पालन करने और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्देश
वेना – दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार की शाम चार बजे वेना थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ पूजा समितियों के पदाधिकारी, डीजे संचालक, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने की। उन्होंने पूजा समितियों से सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पूजा आयोजन करने की अपील की। साथ ही डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहने की जानकारी देते हुए इसका उल्लंघन नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पूजा के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले अराजक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में अपर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, दारोगा राकेश रंजन, मोहम्मद अली, सरथा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रवि शंकर कुमार, पंचायत समिति सदस्य राणा शैलेश सिंह,पैठना पंचायत के मुखिया वीरेंद्र कुमार, दोसूत पंचायत के मुखिया गौरव कुमार,सरपंच राज चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र कुमार, वार्ड सदस्य अजीत कुमार सहित शांति समिति के सदस्य, पूजा समिति के पदाधिकारी और दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद थे।
