यात्री बस पर 10-12 युवकों ने किया हमला, चालक-खलासी को पीटा
बिहारशरीफ। बिहार थाना क्षेत्र के निचली किला गढ़पर मोहल्ला स्थित यादव छात्रावास के पास सोमवार को एक यात्री बस पर 10-12 युवकों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही बस में जमकर तोड़फोड़ की और चालक व खलासी के साथ लोहे की पाइप एवं लाठी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने चालक से करीब पांच हजार रुपये भी लूट लिए। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में जख्मी बस चालक नीतीश कुमार ने बताया कि यादव छात्रावास के पास सड़क किनारे चार-पांच युवक खड़े थे। उन्हें सवारी समझकर चालक ने बस रोक दी। आरोप है कि बस रुकते ही युवकों ने जबरन चाबी निकाल ली और फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद पहले खलासी पप्पू यादव को घेरकर उसके साथ मारपीट की गई। कुछ देर बाद हमलावर बस के अंदर घुस गए और चालक नीतीश कुमार को लोहे की पाइप व लाठी से पीटकर घायल कर दिया।
चालक के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन भीड़ अधिक होने के कारण बस निर्धारित स्टॉपेज से कुछ आगे रुक गई थी। इसी बात को लेकर बस में सवार एक यात्री ने उस समय गाली-गलौज करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। चालक ने आशंका जताई कि उसी विवाद की रंजिश में सोमवार को सुनियोजित तरीके से बस पर हमला किया गया।
हमले के दौरान बदमाशों ने बस में भी तोड़फोड़ की, जिससे यात्रियों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बिहार थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
