युवक की मौत पर ग्रामीणों का हंगामा, हाईवे जामशव रखकर टायर जलाए, थानाध्यक्ष के खिलाफ की नारेबाजी;

0
WhatsApp Image 2026-09-01 at 5.40.56 AM (3)

SDM-DSP के आश्वासन पर करीब 8 घंटे बाद खत्म हुआ प्रदर्शन

हरनौत – तेलमर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी की। इस दौरान ग्रामीणों ने तेलमर थानाध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। करीब आठ घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। बाद में बिहारशरीफ अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर एसडीपीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया और सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
मृतक की पहचान तेलमर गांव निवासी कृष्ण बिंद के पुत्र रौशन कुमार (30) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रौशन कुमार अपने ससुराल चिरैयापर गांव से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बैरीगंज (तेलमर) के समीप टूरिस्ट हाईवे पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि रौशन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
शव हाईवे पर रखकर किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। रात करीब नौ बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने तथा तेलमर थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने “थाना प्रभारी को सस्पेंड करो”, “थाना प्रभारी हाय-हाय” और “थाना प्रभारी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।
कई थानों की पुलिस पहुंची
हाईवे जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तेलमर थाना के अलावा कल्याणबिगहा, चंडी, नगरनौसा और नूरसराय थाना से भी बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। देर रात तक ग्रामीण सड़क पर डटे रहे।
SDM और DSP के आश्वासन के बाद हटा जाम
काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद सोमवार की सुबह बिहारशरीफ अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब आठ घंटे बाद हाईवे से जाम पूरी तरह हटाया गया। इसके बाद सड़क पर वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हो सका।
सड़क किनारे खड़े ट्रकों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना वाले स्थान के आसपास अक्सर सड़क किनारे ट्रक खड़े रहते हैं। इससे सड़क पर आवागमन के दौरान वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर अनियंत्रित तरीके से खड़े होने वाले ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों पर कार्रवाई की जाए और उन्हें निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रौशन कुमार की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। रौशन कुमार पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
वहीं, तेलमर पंचायत के मुखिया विद्यानंद बिंद सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *