नालंदा में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

0
Screenshot_20260309_035327_WhatsApp

शंकर कुमार की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के टाड़ापर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान टाड़ापर गांव निवासी सुभाष यादव के पुत्र ब्रजेश कुमार उर्फ नाटा के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतक के पिता सुभाष यादव ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच ब्रजेश के कुछ दोस्तों ने उसे फोन कर घर से बाहर बुलाया। इसके बाद वह उनके साथ दो बाइक पर सवार होकर चला गया। परिजनों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे वही दोस्त ब्रजेश को उसके चाय की दुकान पर अचेत अवस्था में छोड़कर बिना कुछ बताए वहां से चले गए।

परिजन आनन-फानन में ब्रजेश को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सुभाष यादव का आरोप है कि उनका बेटा पहले सूखे नशे का आदी था, लेकिन पिछले ढाई से तीन महीनों से उसने नशा छोड़ दिया था। उन्होंने आशंका जताई कि जानबूझकर उनके बेटे को कहीं ले जाकर कुछ खिला-पिला दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इधर, दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ब्रजेश कुमार सूखे नशे का आदी था। घटनास्थल से इंजेक्शन और सूखे नशे से संबंधित सामान भी बरामद किया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रजेश कुमार उर्फ नाटा पहले से ही कई मामलों में आरोपी रह चुका है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *