नालंदा में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, ₹15,000 के लिए हत्या का आरोप – भैंसुर गिरफ्तार

0
IMG-20250811-WA0166

चंडी (नालंदा ) : नालंदा जिले के चण्डी थाना क्षेत्र के सतनाग गांव में एक 20 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुबोध रविदास की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए आरोप लगाया कि ₹15,000 की मांग पूरी न होने पर हत्या कर दी गई।

मृतका के पिता अजय रविदास (निवासी – रकसा गांव, थाना एकंगरसराय) ने बताया कि रविवार शाम उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वे ससुराल पहुंचे तो बेटी का शव फंदे से लटका हुआ मिला। उनका आरोप है कि पहले गला दबाकर हत्या की गई और फिर शव को फांसी के फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

अजय रविदास के अनुसार, अप्रैल 2025 में उनकी बेटी की शादी सतनाग गांव निवासी सुबोध दास से हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय से ससुराल पक्ष ₹15,000 की अतिरिक्त मांग कर रहा था। रकम नहीं देने पर सुनीता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

चण्डी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मृतका के भैंसुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *