इस्लामपुर में अंडरग्राउंड नाला व सड़क निर्माण से बढ़ी परेशानी, दो माह से क्षतिग्रस्त सड़क पर चलना दूभर, लोगों ने डीएम से लगाई गुहार, घटिया निर्माण व लेटलतीफी पर उठे सवाल

0
IMG-20260209-WA0034

रानी सिन्हा की रिपोर्ट

इस्लामपुर (नालंदा)। इस्लामपुर नगर परिषद क्षेत्र में मुख्य सड़क थाना के समीप जगदम्बा द्वार से मुख्य बाजार होते हुए पक्की तालाब तक अंडरग्राउंड नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य लोगों के लिए राहत के बजाय मुसीबत बन गया है। करीब दो माह पूर्व ठेकेदार द्वारा सड़क को पूरी तरह खोदकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

करीब एक करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से बुडको द्वारा स्वीकृत इस योजना के तहत नाला एवं सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक द्वारा भौगोलिक स्थिति और जल निकासी की समुचित तकनीकी जांच किए बिना कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। साथ ही कार्य में लेटलतीफी, मनमानी और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।

नाला निर्माण के लिए जगह-जगह खोदे गए गड्ढों और चैंबर के कारण राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। आए दिन लोग गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और सैकड़ों परिवारों को पिछले दो महीनों से क्षतिग्रस्त सड़क का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

इतना ही नहीं, निर्माण कार्य के दौरान नल-जल योजना की पाइपलाइन कट-फट जाने से इलाके में पेयजल संकट भी गहरा गया है। लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के पानी के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।

बताया जाता है कि इस योजना का शिलान्यास गत वर्ष 27 अगस्त को तत्कालीन विधायक राकेश कुमार रौशन द्वारा किया गया था। हालांकि, करीब तीन महीने बाद 6 दिसंबर को सड़क को पूरी तरह खोद दिया गया, जिसके बाद से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

लोगों का कहना है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई करे, अन्यथा आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *