दुर्गा पूजा पर बिहारशरीफ में 17 से 21 अक्टूबर तक बदलेगा ट्रैफिक रूट, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
16 जगहों पर लगेंगे ड्रॉप गेट और बैरियर, 10 स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था; भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल चलेंगे श्रद्धालु
बिहारशरीफ, नालंदा। शारदीय दुर्गा पूजा के दौरान बिहारशरीफ शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू किया है। बिहारशरीफ नगर निगम और आसपास के क्षेत्रों में 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक यातायात नियंत्रण एवं प्रबंधन के लिए विशेष दिशा-निर्देश प्रभावी रहेंगे। इसका उद्देश्य पूजा पंडालों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाना, जाम की समस्या से बचना और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन को सुगम रखना है।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सामान्य भारी वाहनों को शहर के बाहर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग और राजकीय राजमार्गों से आवागमन करना होगा। वहीं, दोपहिया, तिपहिया और निजी चारपहिया वाहनों के लिए शहर के भीतर निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालुओं को पैदल आवागमन करना होगा।
शहर में इन मार्गों से होगा छोटे वाहनों का परिचालन
छोटे वाहनों के लिए कारगिल चौक से सोगरा कॉलेज, सोगरा कॉलेज से नदी मोड़ होते हुए मणीराम बाबा अखाड़ा, मछली मार्केट से सेवा ज्योति चौक और छोटी पहाड़ी होते हुए नई रहुई से ईमादपुर तक के मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा नकटापुरा टीओपी से रेलवे गुमटी होते हुए बरबीघा बस स्टैंड, सोहसराय हॉल्ट से ईमादपुर तीनमुहानी तथा देवीसराय से रामचंद्रपुर बस स्टैंड तक के मार्गों का उपयोग किया जा सकेगा।
कई प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था
शहर में जाम से बचने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इनमें अस्पताल चौराहा से मामू भगिना की ओर, मामू भगिना से पहाड़तली होते हुए श्रृंगारहाट की ओर, न्यू रहुई रोड से ईमादपुर और पिचासा की ओर, सोहसराय से 17 नंबर चौक तक तथा भरावपर से रामचंद्रपुर बस स्टैंड की ओर जाने वाले मार्ग शामिल हैं।
इसी तरह सोहनकुआं से मंगलास्थान तथा रहुई मोड़ (अम्बरे) से ईमादपुर की ओर भी एकतरफा परिचालन निर्धारित किया गया है। वाहन चालकों को इन मार्गों पर निर्धारित दिशा का पालन करना होगा।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए भैंसासुर से अस्पताल चौक, गीता प्रेस से आलम क्लीनिक-कागजी मोहल्ला, अग्रवाल स्वीट्स रांची रोड से पहला पोखर होते हुए भैंसासुर की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा सोगरा स्कूल से आरपीएस स्कूल के सामने वाली गली, अस्पताल चौक और भैंसासुर के बीच मां चश्मा दुकान के सामने वाली गली, नगर निगम कार्यालय के बगल से एसएस बालिका उच्च विद्यालय की ओर जाने वाली गली तथा नईसराय मोड़ से मोहद्दीनगर की गलियों में भी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
भैंसासुर चौक से ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की ओर, कुमार सिनेमा से पुलपर चौक-खचिया गली होते हुए नदी मोड़ तक, नीमगंज टीओपी से नवाब रोड तथा खंदक से बिचली खंदक, पुलपर होते हुए पोस्ट ऑफिस भरावपर तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
बसों और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग रूट
बरबीघा और शेखपुरा की ओर से बिहारशरीफ होते हुए पटना जाने वाली सवारी बसें नकटापुरा बायपास से सोहसराय हॉल्ट, मोड़ा पचासा होते हुए पटना जाएंगी। बरबीघा और अस्थावां की ओर से आने वाले बड़े वाहन, मिनी बस, ट्रैक्टर और व्यावसायिक चारपहिया वाहन आदर्श हाई स्कूल के सामने स्थित बरबीघा बस स्टैंड तक ही आ सकेंगे। उन्हें शहर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
रहुई की ओर से आने वाले बड़े व्यावसायिक वाहन ईमादपुर तीनमुहानी तक ही आ सकेंगे। बख्तियारपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन पचासा मोड़ से सोहसराय बाजार में प्रवेश करने के बजाय बायपास का इस्तेमाल करेंगे।
17 नंबर चौक से दक्षिण दिशा में सोहसराय बाजार की ओर तथा बड़ी पहाड़ी बायपास मोड़ से बड़ी पहाड़ी की ओर व्यावसायिक चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। रामचंद्रपुर बायपास पथ में टीवीएस शोरूम के आगे पूरब की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
अम्बेडकर चौक (देवीसराय) से आने वाले बड़े वाहन रामचंद्रपुर बस स्टैंड तक ही जा सकेंगे। वहीं, राजगीर मोड़ छोरा बगीचा (कारगिल चौक) से भरावपर की ओर आने वाले बड़े और व्यावसायिक वाहन पैरू महतो सोमरी कॉलेज तक ही चलेंगे। इसके आगे भरावपर की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
नवादा और पटना की सरकारी बसें कारगिल बस स्टैंड से चलेंगी
नवादा और पटना की ओर से आने वाली सरकारी बसों के लिए कारगिल बस स्टैंड में अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। ये बसें बायपास के रास्ते आवागमन करेंगी और पुराने सरकारी बस स्टैंड में नहीं जाएंगी।
इसके अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए किसी भी प्रकार की बस, ट्रक और सरकारी वाहन को मंगलास्थान के रास्ते रामचंद्रपुर एवं सोहनकुआं की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
16 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए शहर के 16 महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे। इनमें ऐरावत पैलेस (सोहसराय), कटहल टोला मोड़, शेखाना मोड़, सोगरा कॉलेज मोड़, आदर्श उच्च विद्यालय खंदक मोड़ से आगे, मामू भगना मोड़, बाजार समिति गेट, मंगलास्थान मोड़, गिरदाद मोड़, बनौलिया मोड़ मंदिर, खैराबाद, बड़ी दरगाह टीओपी, नया टोला, सोराबी पर तिराहा, मणीराम बाबा तालाब खैराबाद मोड़ और साठोपुर पुल शामिल हैं।
10 स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय वाहन चालकों की सुविधा के लिए 10 आधिकारिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें 17 नंबर स्थित लघु सिंचाई कार्यालय के पास डब्ल्यू.पी.यू. स्थल, किसान कॉलेज सोहसराय, कन्या उच्च विद्यालय सोहसराय, ईमादपुर से आने के क्रम में नई रहुई रोड मोड़, नेशनल उच्च विद्यालय शेखाना का मैदान, सोगरा कॉलेज मैदान, बरबीघा बस स्टैंड परिसर, बाजार समिति परिसर, कारगिल बस स्टैंड परिसर तथा श्रम कल्याण केंद्र बिहारशरीफ शामिल हैं।
नगर प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा के दौरान निर्धारित रूट, वन-वे व्यवस्था, पार्किंग नियमों और बैरियर से संबंधित निर्देशों का पालन करें। प्रशासन के साथ सहयोग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
