नालंदा की घटनाओं पर भड़का जनसुराज – सरकार पर कानून-व्यवस्था, बुलडोजर नीति और शराबबंदी को लेकर बड़ा हमला

0
20260415_121856(0)

बिहारशरीफ, संवाददाता।
नालंदा जिले में हाल के दिनों में हुई घटनाओं को लेकर जनसुराज नेता उपेंद्र कुमार विभूति ने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने बिहार शरीफ जनसुराज कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।

विभूति ने कहा कि जब सम्राट चौधरी के पास गृह विभाग था, तब भी कई गंभीर घटनाएं सामने आईं। उन्होंने शीतला मंदिर में भगदड़ की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण कई महिलाओं की जान चली गई। इसके अलावा नूरसराय में दिनदहाड़े एक महिला के साथ छेड़खानी और नालंदा में 17 वर्षीय छात्रा के साथ कथित रूप से बंदूक की नोक पर दुष्कर्म एवं बाद में उसकी हत्या जैसी घटनाओं को उन्होंने कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर बुलडोजर अभियान चलाया गया, लेकिन इसका असर केवल गरीब और फुटपाथ पर जीविकोपार्जन करने वाले लोगों पर ही पड़ा। बड़े अतिक्रमणकारियों और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ, पटना और अन्य नगर निकाय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण आज भी कायम है।

1001386410 edited scaled

राजगीर में आगामी मलमास मेले की तैयारियों को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। विभूति ने कहा कि वर्ष 2015 में मेले के लिए 73 एकड़ 3 डिसमिल भूमि का बंदोबस्त किया गया था, लेकिन वर्तमान में मेला क्षेत्र घटकर लगभग 41 एकड़ रह गया है, जबकि शेष भूमि पर बड़े-बड़े होटल बन गए हैं। उन्होंने इसे सरकार की दोहरी नीति करार दिया।

विभूति ने राज्य में लागू शराबबंदी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसके बावजूद पूरे बिहार में शराब की अवैध आपूर्ति जारी है और यह एक समानांतर व्यवस्था बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था में हजारों लोग संलिप्त हैं और इससे राज्य को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य का खजाना खाली होता जा रहा है और शिक्षकों सहित कई कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी सीमित अधिकारियों के भरोसे सरकार चलती थी, और अब नई सरकार के सामने भी वही चुनौतियां हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मुद्दों का जवाब आने वाले समय में जरूर मांगेगी।

इस मौके पर अंबेडकर विचार मंच जनसुराज के जोनल प्रभारी सत्येंद्र पासवान, नालंदा के जोनल प्रभारी उपेंद्र कुमार यादव, राहुल कुमार एवं शिव शंकर प्रसाद सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!