नालंदा की दीदियों के खाते में रोजगार की पहली किरण, सिलाव से शुरू हुआ बदलाव का सफर

0
IMG-20250911-WA0379

सिलाव (नालंदा) : सिलाव प्रखंड में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को पहली किश्त के रूप में 10-10 हजार रुपए की राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया गुरुवार को भी जारी रही। इसके लिए ग्राम संगठनों में अनुलग्नक-1 भरने का कार्य किया जा रहा है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पहलाद कुमार ने बताया कि 11 सितंबर से जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं का आवेदन भरा जा रहा है। इसके लिए सामुदायिक उत्प्रेरक, लेखापाल और अन्य कैडर की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। महिलाओं से आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा कराई जा रही है। साथ ही नए सदस्यों को समूह से जोड़ने के लिए अलग प्रपत्र भरा जाएगा। बीडीओ ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भी इसी तरह फॉर्म भरने की प्रक्रिया चलेगी।

महिलाओं को योजना के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रथ भेजा जा रहा है। यह रथ गांव-गांव जाकर महिलाओं को योजना से होने वाले लाभों की जानकारी दे रहा है और महिला संवाद में रखी गई मांगों से संबंधित वीडियो फिल्में भी दिखा रहा है। इससे जीविका समूह की दीदियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

इसी क्रम में गुरुवार को सिलाव प्रखंड में सुबह और शाम दोनों पालियों में जागरूकता वाहन ने भ्रमण किया। नानंद और धरहरा पंचायत के उच्च विद्यालयों के प्रांगण में फार्म भरने की प्रक्रिया के साथ जागरूकता रथ का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर बीडीओ ने महिलाओं को विस्तार से योजना की जानकारी दी और आगाह किया कि जीविका संगठन में नाम जुड़वाने के लिए किसी को भी अवैध पैसा न दें। योजना से जुड़ने और पहली किस्त मिलने की उम्मीद से ग्रामीण महिलाओं में खुशी और भरोसे का वातावरण दिखाई दे रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *