समाहरणालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की हुई स्वास्थ्य जांच
103 पदाधिकारी एवं कर्मियों की हुई जांच, डीडीसी सारा अशरफ ने भी कराया स्वास्थ्य परीक्षण
बिहारशरीफ, 18 सितंबर। नालंदा समाहरणालय में शुक्रवार को पदाधिकारियों एवं कर्मियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के उद्देश्य से स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एनीमिया, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, किडनी फंक्शन टेस्ट, लिवर फंक्शन टेस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नालंदा सुश्री सारा अशरफ ने भी स्वयं स्वास्थ्य जांच कराई। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जागरूक करते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम में कुल 103 पदाधिकारी एवं कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 87 पुरुष और 16 महिलाएं शामिल थीं। जांच के दौरान 22 पुरुष एवं 2 महिलाओं का ब्लड प्रेशर सामान्य से अधिक पाया गया। वहीं, 5 पुरुष एवं 1 महिला का ब्लड शुगर सामान्य से अधिक पाया गया।
कार्यक्रम के दौरान लिए गए सभी सैंपल की विस्तृत जांच रिपोर्ट 19 सितंबर 2026 को प्राप्त होगी। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद समाहरणालय परिसर में चिकित्सकों की टीम द्वारा पदाधिकारियों एवं कर्मियों का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का उद्देश्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी संभावित स्वास्थ्य समस्या की समय रहते पहचान कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार उपलब्ध कराना है।
