नालंदा में नदी किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी: लापता आटा चक्की संचालक की मौत पर रहस्य बरकरार, जांच में जुटी पुलिस

0

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

नगरनौसा (नालंदा) : नालंदा जिले के नगरनौसा थाना अंतर्गत रघुनाथपुर ग्राम में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे शव होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरनौसा पुलिस को सूचना मिली कि रघुनाथपुर स्थित कमलेश राम के घर के सामने, डोर नदी के दक्षिणी किनारे पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है।

सूचना मिलते ही नगरनौसा थानाध्यक्ष ने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और मामले की छानबीन शुरू की। निरीक्षण के दौरान मृतक की पहचान चण्डी थाना क्षेत्र के निवासी रामचंद्र महतो के पुत्र (40) राजू कुमार के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और उसकी गुमशुदगी को लेकर चण्डी थाना में प्राथमिकी भी दर्ज थी। हालांकि, स्थानीय ग्रामीण रघुनंदन कुमार ने बताया कि राजू बीते 9 तारीख की शाम से ही लापता था और वह गांव में आटा चक्की चलाने का काम करता था। 9 तारीख की शाम से ही वह घर नहीं लौटा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ चण्डी थानाध्यक्ष और एफएसएल (FSL) की टीम ने भी मौके पर पहुँचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि युवक की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ भेज दिया है। हिलसा डीएसपी-शैलजा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *