अजगैबीनाथ धाम और सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं की समीक्षा, दोनों पर ₹10 हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में अजगैबीनाथ धाम एवं सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों महत्वपूर्ण हवाई अड्डा परियोजनाओं की प्रगति, आधारभूत संरचना और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के प्रथम चरण में करीब ₹3,500 करोड़ तथा सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण में करीब ₹6,500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। दोनों परियोजनाओं को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके लिए रनवे समेत आवश्यक आधारभूत संरचनाएं तैयार की जाएंगी। एयरपोर्ट के विकसित होने से मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, बांका, खगड़िया और बेगूसराय सहित आसपास के जिलों के लोगों को हवाई सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही श्रावणी मेले के दौरान अजगैबीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आवागमन बेहतर होगा।
वहीं, सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बड़े विमानों के संचालन, कार्गो सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री के अनुसार इससे बिहार के 22 जिलों के साथ-साथ झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी हवाई संपर्क का लाभ मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
