खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने पर ऐतिहासिक भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज की मेजबानी करेगा राजगीर

0
New Zealand Team Photo for Ind-NZ U20 Rugby Series

23 से 28 अक्टूबर तक होगा आयोजन, 27 अक्टूबर को खेले जाएंगे चार मुकाबले; भारतीय टीमों में बिहार के सात खिलाड़ियों को मिला स्थान

राजगीर, 22 अक्टूबर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजगीर में ऐतिहासिक भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 (U20) रग्बी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है। ‘खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष’ (100 Years of Unity through Sport) पहल के तहत आयोजित यह सीरीज 23 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी। इस आयोजन से बिहार को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला रग्बी टीमें और न्यूजीलैंड की टीमें सीरीज में भाग लेने के लिए राजगीर पहुंच चुकी हैं। बिहार आगमन पर न्यूजीलैंड की टीमों का पटना हवाई अड्डे पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। अपने प्रवास के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी संयुक्त प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेने के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी करेंगे। सीरीज का मुख्य मुकाबला कार्यक्रम 27 अक्टूबर को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगा।

1001855943

पहली बार भारत पहुंचीं न्यूजीलैंड की U20 रग्बी टीमें

न्यूजीलैंड की पुरुष टीम तामा तोआ (Tama Toa) और महिला टीम हिने तोआ (Hine Toa) में देश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित कुल 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल हैं। न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए भारत दौरा पहली बार हो रहा है। यह आयोजन दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूत करने के साथ युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्रदान करेगा।

राजगीर पहले भी कई बड़े रग्बी आयोजनों की मेजबानी कर चुका है। अप्रैल 2026 में यहां सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप और अगस्त 2025 में एशिया रग्बी एमिरेट्स U20 सेवन्स चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। अब भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज की मेजबानी से राजगीर की पहचान अंतरराष्ट्रीय रग्बी आयोजन स्थल के रूप में और मजबूत होगी।

1001855934

भारतीय टीमों में बिहार के सात खिलाड़ी

इस ऐतिहासिक सीरीज के लिए चयनित भारतीय अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों में बिहार के सात खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें बजरंगी कुमार, रोहित कुमार, सागर प्रकाश, अल्पना कुमारी, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी और सलोनी कुमारी शामिल हैं।

इनमें सागर प्रकाश, अल्पना कुमारी और आरती कुमारी बिहार में आयोजित एशिया रग्बी एमिरेट्स U20 सेवन्स चैंपियनशिप 2025 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। बिहार के खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपनी प्रतिभा दिखाने और अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

27 अक्टूबर को होंगे रग्बी सेवन्स के चार मुकाबले

सीरीज के तहत 27 अक्टूबर को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रग्बी सेवन्स के चार मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम में पहला मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड की पुरुष टीमों के बीच होगा। इसके बाद दोनों देशों की महिला टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, दो मिक्स्ड मुकाबलों में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी मिलकर संयुक्त टीमें बनाएंगे और एक-दूसरे के साथ खेलेंगे। इन मुकाबलों के माध्यम से खेल भावना, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया जाएगा।

1001857552

बिहार में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को मिल रहा बढ़ावा

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रन शंकरन, आईपीएस ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज की मेजबानी बिहार और राजगीर के लिए गर्व की बात है। यह आयोजन बड़े खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में राज्य की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों का स्वागत करना अंतरराष्ट्रीय खेल संबंधों को मजबूत करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और बिहार के युवाओं को रग्बी अपनाने के लिए प्रेरित करने का अवसर है। राज्य सरकार और खेल प्राधिकरण बिहार में खेलों के निरंतर विकास तथा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि सौ वर्ष पहले भारत और न्यूजीलैंड ने खेल संबंधों की स्थापना के साथ इतिहास रचा था। अब एक सदी बाद न्यूजीलैंड की रग्बी टीमों का भारत आगमन एक बार फिर ऐतिहासिक अवसर है।

उन्होंने कहा कि भारतीय युवा खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड की टीमों के खिलाफ खेलने से अंतरराष्ट्रीय रग्बी की तकनीक और बेहतर खेल पद्धतियों को समझने का अवसर मिलेगा। संयुक्त प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों के साथ दोनों देशों के खिलाड़ियों का मिक्स्ड टीमों में एक साथ खेलना इस आयोजन का विशेष आकर्षण है। यह खेल की उस शक्ति को दर्शाता है, जो विभिन्न देशों के लोगों को एक साथ लाती है।

न्यूजीलैंड रग्बी दल की प्रमुख और इंजरी प्रिवेंशन एवं वेलबीइंग प्रोग्राम मैनेजर मनु अल्बर्ट ने कहा कि दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने को लेकर टीम उत्साहित है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड का दल रग्बी इंडिया को सेवन्स के विकास में सहयोग देने, अपना अनुभव साझा करने और दोनों देशों की संस्कृतियों को करीब लाने के लिए उत्सुक है। उन्होंने भारतीय युवा खिलाड़ियों और कोचों के विकास में योगदान देने की इच्छा भी जताई।

कोचों के प्रशिक्षण से मजबूत हो रहा सहयोग

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रग्बी सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में मई 2026 में भी महत्वपूर्ण पहल की गई थी। उस दौरान रग्बी इंडिया ने ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में न्यूजीलैंड रग्बी के कोचों के सहयोग से 35 भारतीय कोचों के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की थीं।

राजगीर में होने वाली यह सीरीज उसी सहयोग को आगे बढ़ाएगी। इसमें युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ प्रशिक्षण, अनुभव साझा करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा। इससे बिहार में रग्बी खेल को बढ़ावा मिलने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।


भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज के लिए भारतीय टीमों की सूची

पुरुष टीम

अजीत नाग, अमन, अरुण प्रजापति, बजरंगी कुमार, भरत किसान, विद्याधर माझी, चरण हेम्ब्रम, नमन यादव, प्रणव गावित, पुष्पेंद्र, राहुल माझी, राजन रावत, रोहित कुमार, सागर प्रकाश, शिवम और सुभाष हांसदा।

महिला टीम

अक्षया एन.एस., अल्पना कुमारी, अनीता मुर्मू, अनुष्का सांकल, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी, दीपाली ताथे, खुशी देवी, कीर्ति जाधव, अदिति लोंढे, मामाली सिंह, रायमानी मुर्मू, सलोनी कुमारी, समृद्धि कदम, सुमित्रा मुर्मू और तनुश्री भोसले।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *