नालंदा के नमन गौरव का बिहार रणजी टीम में चयन, 11 नवंबर को यूपी के खिलाफ कर सकते हैं डेब्यू

0
WhatsApp Image 2026-10-09 at 6.18.19 AM

अंडर-23 फाइनल में नाबाद 200 रन बनाकर बटोरी थी सुर्खियां, राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा बिहार का पहला मुकाबला

बिहारशरीफ। नालंदा के होनहार सलामी बल्लेबाज नमन गौरव का चयन बिहार की रणजी ट्रॉफी टीम में हुआ है। उनके चयन से नालंदा जिला क्रिकेट संघ और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। बिहार का पहला मुकाबला 11 नवंबर 2026 को राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तर प्रदेश की टीम के साथ होना है। इस मुकाबले में नमन गौरव के रणजी क्रिकेट में पदार्पण करने की उम्मीद है।

बिहारशरीफ प्रखंड के छोटी पहाड़ी निवासी नमन गौरव, सत्येंद्र प्रसाद और चंद्रवती कुमारी के पुत्र हैं। उन्होंने महज 10 वर्ष की उम्र में सोगरा हाई स्कूल स्थित अलीशाह क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण शुरू किया था। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनकी रुचि और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए उनके बड़े भाई श्वेत गौरव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि उनका पहला क्रिकेट किट राजेश रंजन ने उपलब्ध कराया था।

अंडर-23 फाइनल में नाबाद 200 रन बनाकर बटोरी थी सुर्खियां

नमन गौरव ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की है। पिछले वर्ष अंडर-23 प्रतियोगिता के फाइनल में नागालैंड के खिलाफ उन्होंने नाबाद 200 रन की दोहरी शतकीय पारी खेलकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। उनके इस शानदार प्रदर्शन को रणजी टीम में चयन का अहम आधार माना जा रहा है। अब रणजी ट्रॉफी में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई

नमन के रणजी टीम में चयन पर उनके माता-पिता ने खुशी जताते हुए नालंदा जिला क्रिकेट संघ के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव एसएम जावेद इकबाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने नमन को बधाई दी और रणजी ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन करने की कामना की।

नमन के चयन को नालंदा जिले में क्रिकेट के विकास और उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि नमन रणजी ट्रॉफी में भी अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और बिहार का नाम रोशन करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *